सूखे- सूखे आँसू ,
गीले-गीले दर्द से ,
पिघलता दिल ।
चाँदनी रातों के
अँधेरे से कभी डर जाना ।
दिन के उजाले में भी
ऊँघकर सो जाना।
ख़ामोशी के शोर से
दिल का परेशां होना।
भीड़ के बीच में
खुद को छुपा लेना ।
देख कर भी अनदेखा करना
उल्फत की हर नज़र को बेजा करना ।
कैसी ये खुद से कश्मकश सी है
आज भी ज़िन्दगी उलझी सी है ।
-गरिमा सिंह
जहाँ मैंने जन्म लिया, पला-बढा ?
जिसने मुझे आसरा दिया ?
जहाँ की सर ज़मीं पर मेरे माँ बाप का घर थी?
वो छोटा स्कूल और एक कॉलेज,
जहाँ मैंने बचपन और जवानी बिता दिए?
या फिर वह दुनिया जहाँ पर मैं बड़ा होकर पढने आया,
जहाँ मैंने नौकरी करके नाम, पैसा और औहदा कमाया?
या कि वो सब देश जहाँ बरसों बरस,
काम की तलाश में, नौकरी के बहाने,
या फिर था सिर्फ घूमने भर के लिए आया ?
मेरा देश क्या है?
मेरे लोग कौन हैं?
मैं खुद को वतन परस्त कहूँ भी तो कैसे ?
जिस-जिस देश में गया,
मिटटी सब जगह एक ही सी थी।
लोग भी सब एक जैसी भावनाओं से भरे थे ।
जिस-जिस ज़मीं पर मैंने पाँव रखे,
उस-उस शहर ने मुझे दिल खोल के गले लगाया।
मातृ -भूमि क्या है?
वह जहाँ पर हमें जन्म मिला?
या वह जिसे हमने अपनी माँ सामान पवित्र समझा?
जिसने बदले में हमें सब दिया-
घर, नौकरी, दोस्त और दुनियाँ ?
हाँ मैं "देश-भक्त" हूँ ।
मेरा देश है हर वो धरती जहाँ मैं रहता हूँ ।
और हर वो ज़मीं भी जहाँ मैं अभी तक नहीं रहा।
अपने कदमोँ के नीचे की धरती का सम्मान करूँ,
अपने आस पास के लोगोँ को अपना समझूँ,
यही मेरी देश-भक्ति है ।
अपने हर काम को इमानदारी से करूँ,
यही मेरी कर्मठता है ।
अपने आस पास के लोगोँ और वातावरण का ख्याल रखूं
यही मेरी ज़िम्मेदारी है |
मेरी कोई जाति, धर्म, या देश नहीं,
इंसानियत ही मेरा मज़हब है ।
ये सम्पूर्ण विश्व ही मेरा देश है ।
पेड़ों के झुरमुट में बीती वो शाम
दो बाल मन आपस में उलझ चुके थे
मेरे काँधे पे रखे सर अपलक बैठी रही वह
और उसकी लटों को सुलझाता रहा मैं
पंछियों की आवाज आयी तो थी मगर
फूलों की खुशबू ने छुआ भी था पर
भान न इसका उसको था और न ही मुझे
भावना के धाराप्रवाह में बह गया था दिन
प्रेम की छोटी पनडुब्बी बन गयी थी हमारा घर
आज की शाम भी वैसी ही है कोमल
पेड़ों से घिरा मै और मेरे आसपास एक सुन्दर जंगल
वो कहीं दूर टूटे दिल के टुकड़ों को समेटती होगी
मैं इन पंछियों के कोलाहल को बड़ी एकाग्रता से
सुनता हूँ, पत्तियों और फूलों से घंटों बातें करता हूँ
ऐसा नहीं है की खो दिया है प्रेम को मैंने
पर अब उसकी पनडुब्बी बना कर बहता नहीं
भावनाओं की तीव्र धारा में
जब से डूबी थी तूफ़ान में एक दिन नाव हमारी
तब से अब तक कई शाम मैंने खुद को
उबारने की कोशिश में बेजा कर दी
अब लड़ता नहीं हूँ इससे न ही जिरह करता हूँ
डूबा रहता हूँ उसी धारा में
जो बहती है बेरोकटोक निसंकोच
मुझे किनारे लगने की कोई आस नहीं है
ऐसा नहीं की डूबा हूँ जिसमें उसकी अब मुझे
प्यास नहीं है लेकिन
उसके कल कल प्रवाह को गंभीर मौन में भी
बड़ा साफ़- साफ़ सुनता हूँ
कौन कहता है मैंने सुलझा दी थी सब लटें उसकी
उनके बांधे हुए पाशों को कई वर्षों से
रोज़ रोज़ गिनता हूँ
प्रेम की वो साँझ अभी तक ह्रदय में कहीं बैठी है
कितनी भी करूँ कोशिश रोकने की खुद को
पर हर शाम उससे जा मिलता हूँ |
दिल उदास तो नहीं है मगर
खालीपन ज़रा ज़रा सा है
कल छोड़ आये थे चीज़ अपनी कहीं
आज मंज़र थमा थमा सा है
मरने का गम और न जीने की फ़िक्र बाकी है
दिल मे उड़ता धुआं धुआं सा है
हिज्र में तेरे है तन्हाई जैसे
ज़िन्दगी मे अब भी कहीं तेरा असर सा है